रायपुर, 9 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षा को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की शुरुआत हो चुकी है। राज्य सरकार द्वारा “AI सक्षम शिक्षा अभियान” के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में Google India के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस दौरान गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राकेश रंजन ने राज्य में AI आधारित शिक्षा को लेकर विस्तृत योजना साझा की।
बताया गया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत “सक्षम शिक्षक अभियान” चलाया जाएगा। इसमें शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत राज्य के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रशिक्षण और प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती चरण में 200 शिक्षकों को विशेष कार्यशालाओं के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा, जहां उन्हें गूगल फॉर एजुकेशन के टूल्स का व्यावहारिक उपयोग सिखाया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। AI आधारित शिक्षण से न केवल पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि विद्यार्थियों में नए युग के कौशल भी विकसित होंगे, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक तकनीकी रूप से सशक्त और ज्ञान-आधारित राज्य बनाना है, जहां हर विद्यार्थी को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।