सुकमा / छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शनिवार को एकदिवसीय प्रवास पर सुकमा पहुँचे। दिन भर पंचायत प्रतिनिधियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों से संवाद स्थापित करने के बाद देर रात उनका काफिला झीरम घाटी से होकर रायपुर के लिए रवाना हुआ। घाटी से गुजरते समय उनकी गाड़ियों का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था और नियंत्रण में चल रही वाहन कतार दिखाई दे रही है।
इससे पहले श्री शर्मा ने सुकमा में नक्सल पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आत्मसमर्पित नक्सलियों के आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, दस्तावेजी सुविधा तथा रोजगार उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार शांति, विकास और सामाजिक समावेश को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।”
विजय शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को लघु वनोपज आधारित प्रसंस्करण, कृषि आधारित रोजगार तथा कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ा जाए। उन्होंने पुनर्वास केंद्र में नियमित प्रशिक्षक नियुक्त कर प्रशिक्षण की सतत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा देवस्थली स्थापना कर पूजा‑अर्चना की सुविधा देने का भी आदेश दिया।
गृह मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी और बैंक पासबुक जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज शीघ्रता से जारी किए जाएंगे। “इनसे उन्हें मुख्यधारा में शामिल होने में मदद मिलेगी,” उन्होंने कहा।
मौसम की खराबी और रात के समय को देखते हुए श्री शर्मा ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क मार्ग से झीरम घाटी होते हुए रायपुर के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान उनके साथ बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी., सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, एसपी किरण चव्हाण, डीआईजी कमलोचन कश्यप एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।