जामगांव आर। चैत्र नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर खारून तट स्थित आगेसरा के माँ वृंदा देवी (डिंडा कपाट) धाम में भक्तिमय वातावरण के बीच विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा 204 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई है, वहीं माँ वृंदा देवी के दर्शन-पूजन हेतु प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं।
मंदिर समिति के तत्वावधान में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका आज दूसरा दिवस रहा। कथा का रसपान आचार्य पंडित उत्कर्ष शर्मा (ज्योतिषाचार्य एवं कथा वाचक) द्वारा कराया जा रहा है। आसपास के ग्रामीण एवं श्रद्धालु माँ के दर्शन के पश्चात कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित कर रहे है। शुक्रवार को कथा वाचक आचार्य उत्कर्ष शर्मा ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल कथा नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का दिव्य माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य भक्ति, श्रद्धा और समर्पण के साथ भगवान की कथा सुनता है, तब उसके जीवन के सभी दुख, संशय और कष्ट स्वतः समाप्त होने लगते हैं।उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें जीवन में धर्म, प्रेम और कर्तव्य का मार्ग दिखाती हैं। भागवत कथा हमें यह सिखाती है कि सच्ची भक्ति ही मोक्ष का मार्ग है और यही मानव जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य भी है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं सरपंच रमाकांत साहू ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन 25 मार्च 2026 तक चलेगा। इसके पश्चात 26 मार्च को महाअष्टमी हवन एवं 27 मार्च को महानवमी के दिन विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ लेने की अपील की है।