रायपुर। धमतरी जिले को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिल सकती है। यहां प्रदेश का सबसे बड़ा सैनिक स्कूल स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। राज्य सरकार ने 500 सीटों वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार कर Ministry of Defence को भेज दिया है। यह सैनिक स्कूल न केवल धमतरी बल्कि पूरे रायपुर संभाग के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सैन्य सेवाओं के लिए तैयार करना है, ताकि वे भविष्य में NDA और अन्य रक्षा सेवाओं में चयनित हो सकें।
प्रस्तावित स्कूल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक लैब, खेल मैदान, छात्रावास और विशेष रक्षा प्रशिक्षण केंद्र शामिल होंगे। यहां विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता के साथ-साथ उच्च स्तरीय शैक्षणिक माहौल मिलेगा।जिला प्रशासन के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और रक्षा मंत्रालय की टीम जल्द ही संभावित स्थल का निरीक्षण कर सकती है। जमीन चयन और बुनियादी ढांचे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
इस सैनिक स्कूल की स्थापना से न सिर्फ शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही, धमतरी जिले को प्रदेश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।