भिलाई में 25 से 29 दिसंबर तक धीरेन्द्र शास्त्री की दिव्य हनुमंत कथा, गृहमंत्री विजय शर्मा ने फहराया ध्वज; बोले- धर्मांतरण की समस्या का जल्द होगा समाधान

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाली दिव्य हनुमंत कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस भव्य धार्मिक आयोजन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथा वाचन के लिए भिलाई आएंगे। आयोजन जयंती स्टेडियम के पास मैदान में होगा। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सोमवार को विधिवत ध्वज पूजन और ध्वज फहराने के साथ की गई। सेवा समर्पण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के ध्वज पूजन में प्रदेश के गृह मंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद सरोज पांडेय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
धर्मांतरण एक तरह का राष्ट्रांतरण – विजय शर्मा
ध्वज पूजन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भिलाई आगमन समाज के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर कहा कि यह केवल धर्म बदलने का विषय नहीं, बल्कि समाज को तोड़ने की प्रक्रिया है। धर्मांतरण से व्यक्ति अपनी परंपराओं, समाज और संस्कृति से कट जाता है, जिससे सामाजिक असंतुलन पैदा होता है।
धर्मांतरण पर दूसरा कानून लाने की तैयारी
गृह मंत्री ने कहा कि धर्मांतरण को रोकना जरूरी है। इसके लिए पहले से एक कानून लागू है और अब एक नए कानून का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पदयात्राओं के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं, ताकि सनातन समाज तक व्यापक संदेश पहुंच सके।
हनुमंत पूजन और हनुमान चालीसा का पाठ
कार्यक्रम स्थल पर मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ हनुमान जी का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद ध्वज पूजन और ध्वज फहराया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। ध्वज स्थापना के साथ ही दिव्य हनुमंत कथा की औपचारिक शुरुआत मानी गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष और सेवा समर्पण समिति के संयोजक राकेश पांडे, पूर्व मंत्री रमशीला साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे प्रदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु
आयोजकों के अनुसार दिव्य हनुमंत कथा को लेकर भिलाई सहित पूरे प्रदेश में भारी उत्साह है। देश के विभिन्न हिस्सों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासनिक और आयोजन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भिलाई आगमन धार्मिक के साथ-साथ सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजनों से आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है और समाज के सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *