1700 करोड़ क्लब में एंट्री के बाद रिकॉर्ड्स पर रिकॉर्ड
YC न्यूज़ डेस्क । धुरंधर 2: द रिवेंज ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान खड़ा कर दिया है कि बड़ी-बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के रिकॉर्ड हिल गए हैं। रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 31वें दिन एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल करते हुए पुष्पा 2: द रूल के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
सैकनिल्क रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 31वें दिन 4.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके साथ ही इसका कुल भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 1329.31 करोड़ रुपये (ग्रॉस) पहुंच गया है। वहीं, विदेशों में 420 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1748.91 करोड़ रुपये हो गया है। इसी के साथ धुरंधर 2: द रिवेंज अब दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसने केजीएफ: चैप्टर 2, जवान, पठान और आरआरआर जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है।
अब इस फिल्म की नजर सिर्फ दो बड़ी फिल्मों पर टिकी है— बाहुबली 2: द कंक्लूजन (1788 करोड़) और दंगल (2090 करोड़)। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म की रफ्तार बनी रही, तो यह आने वाले दिनों में नया इतिहास रच सकती है। हालांकि, कमाई के आंकड़ों में धीरे-धीरे गिरावट भी देखी जा रही है। पहले हफ्ते में 674.17 करोड़ की जबरदस्त कमाई के बाद दूसरे और तीसरे हफ्ते में ग्रोथ धीमी हुई है। इसके बावजूद फिल्म का क्रेज अभी भी दर्शकों के बीच बना हुआ है।
वहीं, भूत बंगला के साथ बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर के बावजूद धुरंधर 2: द रिवेंज मजबूती से टिके रहना इसके स्टारडम और कंटेंट की ताकत को दर्शाता है। कुल मिलाकर, धुरंधर 2: द रिवेंज सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि 2026 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सनसनी बनकर उभरी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह बाहुबली 2: द कंक्लूजन और दंगल के रिकॉर्ड तोड़ पाएगी या नहीं।