हर जिले में पहुंचेगी डायल-112 और फॉरेंसिक सुविधा, तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह

हर जिले में पहुंचेगी डायल-112 और फॉरेंसिक सुविधा, तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह17 से 19 मई तक तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, बस्तर में विकास कार्यों की समीक्षा करने और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने पर रहेगा। दौरे के दौरान रायपुर और बस्तर संभाग में कई अहम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक गृहमंत्री शाह रायपुर में डायल-112 सेवा के विस्तार के तहत 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी रवाना की जाएंगी। वहीं, बस्तर जिले के नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद वे जगदलपुर में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा बैठक करेंगे।

रविवार रात रायपुर पहुंचेंगे शाह

गृहमंत्री अमित शाह रविवार शाम विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से मेफेयर रिसॉर्ट जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर रखी गई है। एयरपोर्ट से लेकर होटल और कार्यक्रम स्थलों तक पुलिस एवं प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।

पूरे प्रदेश में लागू होगी डायल-112 सेवा

18 मई की सुबह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को रवाना करेंगे। अभी तक यह सेवा प्रदेश के 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जाएगा। राज्य सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रदेश के सभी थानों तक डायल-112 की पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे आपात स्थिति में पुलिस सहायता पहले से अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।

हर जिले को मिलेगी मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट

अपराध जांच को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए राज्य सरकार सभी जिलों में आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स शुरू करने जा रही है। इन वाहनों में अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती जांच की जा सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आने के साथ जांच की गुणवत्ता भी बेहतर होने की उम्मीद है।

नेतानार में जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए नेतानार जाएंगे। यहां वे जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इस केंद्र के जरिए ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि

नेतानार कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद बादल एकेडमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

‘बस्तर के संग’ सांस्कृतिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

शाम को अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां बस्तर की पारंपरिक लोक कला और संस्कृति की प्रस्तुति दी जाएगी।

19 मई को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक

दौरे के अंतिम दिन जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai समेत चार राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी साझा करेंगे और इसके बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *