रायपुर। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत तैयार विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का शुभारंभ आज 31 अगस्त 2025 को दोपहर 12:15 बजे किया जाएगा। यह कार्यक्रम आकाशवाणी रायपुर केंद्र सहित प्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ प्रसारित होगा तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म www.onlineradiofm.in/stations/all-india-air-raipur पर लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से भी उपलब्ध रहेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं के नाम विशेष संदेश देंगे। दीदी के गोठ” केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने, उनके संघर्ष और उपलब्धियों को समाज के सामने लाने और आत्मनिर्भरता की राह दिखाने का सशक्त माध्यम है। इसमें स्व-सहायता समूहों की सफल महिलाओं की कहानियाँ भी प्रसारित की जाएंगी, जिन्होंने बिहान योजना के माध्यम से न केवल आर्थिक मजबूती हासिल की, बल्कि समाज में भी नई पहचान बनाई।
कार्यक्रम के व्यापक प्रभाव के लिए पंचायत, ग्राम संगठन और संकुल संगठन स्तर पर सामूहिक श्रवण की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय समुदाय और स्व-सहायता समूह की दीदियाँ शामिल होंगी। सामूहिक श्रवण से ग्रामीण अंचलों में संवाद, प्रेरणा और आत्मविश्वास का माहौल तैयार होगा।