पाटन। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत आम जनता की शिकायतों और मांगों के समाधान हेतु ग्राम पंचायत झीट में बुधवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जनपद पंचायत पाटन के लोकप्रिय सभापति प्रणव शर्मा ने प्रमुख रूप से भाग लिया और जनता की समस्याओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया।
सभापति शर्मा ने हाल ही में आए आंधी-तूफान और बारिश के कारण बाधित हुई विद्युत आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मांग की कि क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए ताकि लोगों को भीषण गर्मी और जल संकट से राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि आंधी-तूफान से पाटन क्षेत्र के कई इलाकों में 24 से 48 घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे न सिर्फ गर्मी बढ़ी बल्कि पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई। इसके चलते आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके साथ ही, सभापति शर्मा ने तूफान के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों, विशेषकर जिनके छप्पर उड़ गए हैं, उन मामलों में प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग राजस्व विभाग से की।
जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए प्रणव शर्मा ने अधिकारियों से मांग की कि सुशासन तिहार की मूल भावना के अनुरूप हर शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।