कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में जिला स्तरीय रोजगार मेला संपन्न, कई युवाओं को मौके पर मिला चयन पत्र

कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में जिला स्तरीय रोजगार मेला संपन्न, कई युवाओं को मौके पर मिला चयन पत्र

भिलाई, 18 जून 2026। कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज (केईसी), खम्हारिया, भिलाई में जिला स्तरीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों और 580 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। मेले के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दिए, वहीं कई युवाओं को मौके पर ही चयन पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताते हुए युवाओं से अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज के अध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों, कंपनियों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी युवाओं के कैरियर विकास और रोजगार संवर्धन के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने भाग लेकर अभ्यर्थियों का चयन किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को रोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रवींद्र शर्मा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं और उद्योग जगत के बीच एक प्रभावी सेतु साबित हुआ है तथा संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग के सहयोग से आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, रोजगार कार्यालय प्रमुख श्री केड़िया, सचिव एच.के. मिश्रा, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ संयोजक विनोद उपाध्याय, कॉलेज मैनेजर गोपेश शुक्ला, भाजपा किसान मोर्चा के भास्कर तिवारी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *