
पाटन, 18 जून 2026। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृत करने की मांग को लेकर गुरुवार को पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुर्मीगुंडरा में जल सत्याग्रह शुरू हो गया। बड़ी संख्या में किसान और आवास योजना के हितग्राही लक्ष्मी सागर तालाब में पानी के बीच खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते रहे।
जनकल्याण समिति के संयोजक युगल किशोर आडील के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि खेती का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
वहीं, कई पात्र परिवारों को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। आवास स्वीकृति की प्रक्रिया लंबित होने से जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों और हितग्राहियों ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें जल सत्याग्रह का सहारा लेना पड़ा है।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक जल सत्याग्रह जारी रहेगा। आंदोलन में क्षेत्र के किसान, आवास हितग्राही तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इधर, आंदोलन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।