पाटन। पाटन में आयोजित गरिमामय जिला स्तरीय मजदूर सम्मेलन में अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, आयोजन में यादो राम, गरीब साहू, रमेश शर्मा, सत्येंद्र देवांगन, ललित बिजौरा, टिकेंद्र वर्मा, महेंद्र साहू, चंचल द्विवेदी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परदेशी राम साहू ने किया। समारोह में फेडरेशन अध्यक्ष कमल ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और कौशल विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल श्रम शक्ति नहीं, बल्कि देश की प्रगति के वास्तविक शिल्पकार हैं, जिनके परिश्रम और समर्पण से समाज का भविष्य निर्मित होता है।
कमल वर्मा ने उद्योग, कृषि, निर्माण, परिवहन एवं सेवा क्षेत्र में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की विकास गति उसके श्रमिक वर्ग की मेहनत पर निर्भर करती है। उन्होंने संविधान द्वारा प्रदत्त श्रमिकों के अधिकारों का उल्लेख करते हुए सम्मानजनक जीवन, समान अवसर और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा, न्यूनतम वेतन, स्वास्थ्य सुविधाएं और कार्यस्थल पर गरिमा सुनिश्चित करना शासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि श्री वर्मा ने यह भी बताया कि शासन स्तर पर श्रमिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य श्रमिकों एवं उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। श्रमिक संगठनों से संवाद और सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकार और कर्तव्य के संतुलन से ही औद्योगिक शांति और उत्पादन वृद्धि संभव है। अंत में उन्होंने श्रमिकों को उनके हितों की रक्षा का आश्वासन देते हुए श्रम के सम्मान और समावेशी विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्रमिक संघ के संस्थापक राजकुमार छेदैया, अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार वर्मा, नरहर साहू, संतोष वर्मा, चेतन लाल साहू, विनोद बाघ, शिवा देवांगन, तुकाराम साहू, देव नारायण वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रमिक भाई-बहन उपस्थित रहे।