रायपुर, 29 मार्च 2026। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी निकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को पहला स्वर्ण पदक दिलाया है। निकिता ने महिला 77 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 160 किलोग्राम वजन उठाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ ही निकिता ने न केवल छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निकिता को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल एक पदक नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों के साहस, परिश्रम और सपनों की उड़ान का प्रतीक है। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “शाबाश निकिता बिटिया… छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व है।”
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि निकिता की यह सफलता प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।