
दुर्ग। पेंशन संबंधी जागरूकता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से PFRDA, नई दिल्ली के तत्वावधान में दुर्ग जिले में जिला स्तरीय अटल पेंशन योजना (APY) Outreach Programme का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, स्व सहायता समूह की महिलाओं और बैंक मित्रों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में PFRDA के CGM प्रवेश कुमार एवं AGM सिविका सिंघल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा SLBC रायपुर से मनोज कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के अंचल कार्यालय से मधुसूदन, वित्तीय समावेशन विभाग से देवीचरण तथा ग्रामीण बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक एनी अंसारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
APY के लाभ और पात्रता की दी जानकारी
कार्यक्रम में उपस्थित शाखा प्रबंधकों, स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं बैंक मित्रों को अटल पेंशन योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने योजना की पात्रता, लाभ, प्रमुख विशेषताओं और सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा में इसकी भूमिका को सरल तरीके से समझाया। प्रतिभागियों ने अटल पेंशन योजना से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अटल पेंशन योजना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में अटल पेंशन योजना की पहुंच को और व्यापक बनाना तथा आम नागरिकों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर अग्रणी बैंक प्रबंधक संजय गर्ग, एफएलसी दुर्ग लेखराम ध्रुव एवं जिला पंचायत से सागर पंसारी सहित संबंधित बैंक अधिकारी, शाखा प्रबंधक, बैंक मित्र एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।