पंचायत सचिव के स्थानांतरण में जिला पंचायत की उदासीनता, दो दिन में स्थानांतरण नहीं तो तालाबंदी—पतोरा पंचायत का प्रशासन को अल्टीमेटम

पाटन। ग्राम पंचायत पतोरा में पदस्थ सचिव महेंद्र कुमार साहू के स्थानांतरण को लेकर जिला पंचायत प्रशासन की उदासीनता अब गंभीर विवाद का रूप लेती जा रही है। सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पूर्व में सचिव के स्थानांतरण हेतु आवेदन, जांच प्रतिवेदन तथा समिति प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। पंचायत प्रतिनिधियों ने आज पुनः जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन सौंपते हुए स्पष्ट रूप से दो दिनों के भीतर सचिव का स्थानांतरण किए जाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि स्वयं सचिव महेंद्र कुमार साहू द्वारा भी दो बार स्थानांतरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जा चुका है, इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी से पंचायत की शासकीय गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं तथा ग्रामीणों के आवश्यक कार्य ठप पड़े हैं।

पंचायत प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया है कि क्या सचिव के सचिव संघ के जिलाध्यक्ष होने के कारण उन्हें प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है। यदि ऐसा है तो यह न केवल प्रशासन की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न है, बल्कि नियमों की खुली अवहेलना भी मानी जाएगी। सरपंच एवं पंचगणों ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि आगामी दो दिवस, अर्थात शनिवार तक सचिव का स्थानांतरण नहीं किया गया, तो सरपंच एवं समस्त पंच सामूहिक इस्तीफा देंगे। इसके साथ ही पंचायत कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्त परिस्थितियों की जिम्मेदारी जिला पंचायत प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता अब असहनीय हो चुकी है और पंचायत की स्वायत्तता व सम्मान की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा। स्थानांतरण की मांग करने वालों में प्रमुख रूप से सरपंच भुनेश्वर साहू, उपसरपंच देवचरण कौशल, चुम्मन साहू, मनोज साहू, डीलेश्वरी साहू, दीप्ति श्रीवास, सरस्वती साहू, एकता, जामुन ठाकुर, कामिनी, मुकेश चांदने, कमलेश्वरी साहू, नेमबाई बंदे, रूपेश कोसरे, राधा ठाकुर, दीपक साहू, माहेश्वरी कुर्रे, हेमचंद ठाकुर, गोरेलाल श्रीवास, चित्रसेन कलिहारी सहित अन्य पंच एवं जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *