धमतरी। नगर पंचायत आमदी के राधा कृष्ण मंदिर स्कूल चौक में 11 मई से 17 मई 2025 तक दिव्य दुर्लभ सत्संग एवं श्रीराम कथा का भव्य आयोजन आज से प्रारंभ हो रहा है। इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से 6:30 बजे तक प्रभात फेरी एवं प्रार्थना से की जा रही है, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से भाग ले रहे हैं। इसके पश्चात दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक राम कथा प्रवचन का होगा।
आयोजन में ब्रह्मचारी संत आनंद जी महाराज एवं ब्रह्मचारी संत पंकज जी महाराज (ऋषिकेश वाले) व्यासपीठ से श्रोताओं को श्रीराम कथा से जोड़ते हुए धर्म, भक्ति एवं जीवन के सार का संदेश देंगे। इस अवसर पर गीता प्रेस, गोरखपुर की पुस्तकों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम संयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि आयोजन की गरिमा बनाए रखते हुए शांति, अनुशासन एवं श्रद्धा के साथ सम्मिलित हों। कार्यक्रम स्थल पर फोटोग्राफी, मोबाइल प्रयोग, पुष्प वर्षा या आरती में रुपये अर्पण करने से बचने की अपील भी की गई है। यह कार्यक्रम दिव्य सारथी समिति, मानस प्रचार समिति एवं समस्त नगरवासी न.प. आमदी के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है। समिति के हलधर महमल्ला ने बताया कि आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रगाढ़ करेगा, बल्कि समाज में सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों का भी प्रसारित करेगा।