रायपुर। दीपावली पर्व पर छत्तीसगढ़वासियों के लिए खुशखबरी आई है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के अंतर्गत देशभर में 25 लाख नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन देने की घोषणा की है, जिसमें छत्तीसगढ़ को 2 लाख 23 हजार नए कनेक्शन का लक्ष्य मिला है। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए स्वच्छ ईंधन और सस्ते गैस सिलेंडर का दिवाली उपहार साबित होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि — “यह योजना गरीब माताओं-बहनों के जीवन में रोशनी और स्वच्छता लाने का सबसे बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री मोदी जी की संवेदनशील नीतियों का यह परिणाम है कि आज गांव-गांव की रसोई गैस के धुएं से मुक्त हो रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत आगामी 7 दिनों में आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और 15 दिनों के भीतर पात्र हितग्राहियों को नए कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे।
◆ नक्सल प्रभावित जिलों को मिलेगी प्राथमिकता
‘नियद नेल्ला नार योजना’ के तहत आने वाले बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कांकेर और दंतेवाड़ा जिलों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इन क्षेत्रों में 100% पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विशेष शिविर लगाकर ई-केवाईसी और कनेक्शन वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
◆ जिला स्तर पर निगरानी समितियाँ
सभी जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला उज्ज्वला समिति गठित की जाएगी। यह समिति आवेदन सत्यापन, अनुमोदन और वितरण की पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेगी। हर जिले में गैस एजेंसियों की बैठक कर नए कनेक्शन वितरण के लिए समन्वय किया जाएगा।
◆पात्रता के मापदंड
इस योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा जिनकी मासिक आय ₹10,000 से कम है और जिनके पास पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन नहीं है। सरकारी कर्मचारी, बड़े किसान, व्यापारिक उद्यमी या चार पहिया वाहन स्वामी परिवार इस योजना से वंचित रहेंगे।
इस दिवाली, केंद्र सरकार की यह पहल लाखों गरीब परिवारों की रसोई में न केवल रोशनी लाएगी, बल्कि स्वच्छ ईंधन से स्वास्थ्य और सुविधा दोनों का संचार करेगी।