( डॉ पंड्या ने सभी सांसदों तक ‘युग निर्माण सत्संकल्प’ पहुंचाने का किया आग्रह )
YC न्यूज़ डेस्क, नई दिल्ली। अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने हाल ही में नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से सौजन्य भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान डॉ. पंड्या ने अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित ‘युग निर्माण सत्संकल्प’ से उन्हें परिचित कराया। उन्होंने आग्रह किया कि इस प्रेरणास्पद संदेश को देश के सभी सांसदों तक पहुँचाया जाए।
डॉ. पंड्या ने इस अवसर पर श्री बिरला को पूज्य गुरुदेव द्वारा लिखित ‘नवयुग का संविधान’ पुस्तक भी भेंट की। उन्होंने बताया कि ‘युग निर्माण सत्संकल्प’ एक आध्यात्मिक घोषणापत्र है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज के नैतिक उत्थान हेतु जीवन के आदर्श मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। यह नवयुग का आध्यात्मिक संविधान बनकर राष्ट्र के नीति-निर्माताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हो सकता है।
भेंट के दौरान डॉ. पंड्या ने लोकसभा अध्यक्ष को अगस्त 2025 में देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं Future of Life Institute (USA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे ‘AI एवं अध्यात्म’ विषयक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए भी आमंत्रित किया। यह आयोजन कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आध्यात्मिक चेतना के समन्वय की दिशा में एक अभिनव पहल सिद्ध होगा।
श्री बिरला ने ‘युग निर्माण सत्संकल्प’ की भावना की सराहना करते हुए भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रसार में गायत्री परिवार के योगदान की सराहना की। यह भेंट भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के आदर्शों को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।