जामगांव आर। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति बेल्हारी में कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा (अ), दुर्ग द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता विषय विशेषज्ञ डॉ. ललिता रामटेके ने किसानों को मिट्टी परीक्षण, धान की कतार बुवाई, बीज उपचार, स्वस्थ बीज की पहचान, कृषि उपकरणों का प्रयोग, टपक सिंचाई पद्धति, मशरूम उत्पादन, और फलों-सब्जियों के भंडारण व प्रसंस्करण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष लालेश्वर साहू,प्राधिकृत अध्यक्ष रूप सिंह सिन्हा, समिति प्रबंधक बीएल वर्मा एवं किसानों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी एवं विकसित कृषि रथ की पूजा-अर्चना कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा लालेश्वर साहू ने भी किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए जरूरी है कि किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाएं और हर सरकारी योजना का लाभ लें, हम सभी का कर्तव्य है कि उन्हें हरसंभव सहयोग दें। मौके डॉ. रामटेके ने बीज उपचार पर जीवंत प्रशिक्षण भी दिया, जिसमें किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि:स्वस्थ फसल की शुरुआत स्वस्थ बीज और वैज्ञानिक विधियों से होती है। आज के समय में हर किसान को मिट्टी परीक्षण से लेकर भंडारण तक की तकनीक समझना जरूरी है। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों ने राज्य व केंद्र सरकार की वर्तमान कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। योजनाओं में शामिल पीएम-किसान सम्मान निधि, ड्रिप सिंचाई योजना, मिशन पोषण युक्त खेती, मशरूम मिशन जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की गई। इस मौके पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, संदीप नेताम,बाबूलाल साहू,गौतम शुक्ला, संतोष मार्कण्डेय, कीर्तन साहू,अभिषेक सेन,अंकित शुक्ला,जयंत सिन्हा,कनीकी सहायक सहित प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे ।