
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी को भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का सशक्त प्रहरी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार, संघर्ष और त्याग भारतीय लोकतंत्र तथा राष्ट्रवादी चिंतन की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने देश की राजनीति को वैचारिक आधार प्रदान किया और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्र की अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता के प्रति डॉ. मुखर्जी की प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लिए उनके आदर्श और सिद्धांत आज भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात कर ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राम गर्ग सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।