
रायपुर। राजधानी रायपुर में सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने एक विवादित निर्माण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। लंबे समय से सामुदायिक भवन के नाम पर किए जा रहे निर्माण को लेकर विवाद बना हुआ था। शिकायतों और जांच के बाद मंगलवार को प्रशासन ने निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुछ संगठनों द्वारा आरोप लगाया गया था कि सामुदायिक भवन की आड़ में चर्च निर्माण की तैयारी की जा रही है। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की। जांच के दौरान भूमि और निर्माण संबंधी दस्तावेजों की समीक्षा की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई। बताया गया कि जिस भूमि पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, उसकी लीज अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। मंगलवार सुबह जिला प्रशासन, नगर निगम और राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बुलडोजर और जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माणाधीन ढांचे को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर, पुलिस अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार जांच के आधार पर की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून और नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के निर्माण को अनुमति नहीं दी जाएगी। यह मामला पिछले कई महीनों से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ था। कार्रवाई के बाद शहर में इस विषय को लेकर विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।गौरतलब है कि विवाद की जड़ सामुदायिक भवन के नाम पर किए जा रहे निर्माण को लेकर उठे सवाल थे, जिसके बाद जांच और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर यह कार्रवाई की गई।