एम्स दिल्ली में डीएम न्यूरोलॉजी के लिए चयनित हुए रानीतराई के डॉ. वर्णन चंद्रवंशी, कहा -“मेरी सफलता माता-पिता के त्याग, तपस्या और आशीर्वाद का प्रतिफल”

रानीतराई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के रानीतराई निवासी डॉ. वर्णन चंद्रवंशी का देश के प्रतिष्ठित संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली (एम्स दिल्ली) में डीएम न्यूरोलॉजी के लिए चयन होने से पूरे अंचल में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि ने नगर सहित क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया है। रानीतराई निवासी विनयकांत चंद्रवंशी एवं माता श्रीमती नंदनी चंद्रवंशी के सुपुत्र डॉ. वर्णन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दुर्ग-भिलाई से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर से एमबीबीएस प्रवीण सूची में उत्तीर्ण किया। आगे की पढ़ाई में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर से एमडी मेडिसिन की डिग्री गोल्ड मेडल के साथ प्राप्त की। अब उनका चयन एम्स दिल्ली में डीएम न्यूरोलॉजी के लिए हुआ है, जो किसी भी चिकित्सक के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

डॉ. वर्णन प्रारंभिक छात्र जीवन से ही मेधावी रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनकी यह निरंतर सफलता उनके समर्पण और परिश्रम का परिणाम है। उनका परिवार भी वर्षों से चिकित्सा सेवा से जुड़ा रहा है। उनके दादा स्वर्गीय छन्नूलाल चंद्रवंशी एवं बड़े पापा डॉ. नीलकांत चंद्रवंशी भी चिकित्सक रहे हैं। परिवार की इसी सेवा-परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डॉ. वर्णन समाजसेवा के मार्ग पर अग्रसर हैं।अपनी सफलता पर डॉ. वर्णन चंद्रवंशी ने कहा, “यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि मेरे माता-पिता के त्याग, तपस्या और बड़ों के आशीर्वाद का प्रतिफल है। मैं अपने पेशे के प्रति ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए निःस्वार्थ भाव से जनता की सेवा करता रहूंगा और अपने गांव व परिवार का नाम रोशन करूंगा।” उनकी इस उपलब्धि पर पिता विनय चंद्रवंशी, माता श्रीमती नंदनी चंद्रवंशी, डॉ. नीलकांत चंद्रवंशी, पूर्व सरपंच निर्मल जैन, भाजपा नेता धनराज साहू, कांग्रेस नेता वेदप्रकाश वर्मा, जनपद सदस्य श्रीमती रश्मि वर्मा, जनपद सभापति कमलेश वर्मा एवं सरपंच रानीतराई सत्यनारायण टिकारीहा सहित परिजनों और अंचलवासियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *