भाजपा नेता ने रची अपने ही पार्षद की हत्या की साजिश, 25 लाख की सुपारी का खुलासा…

बिलासपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सियासी हलकों को झकझोर देने वाला बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि एक भाजपा नेता ने ही अपने ही दल के पार्षद की हत्या की साजिश रची थी। मामले में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के बेलतरा पूर्व मंडल अध्यक्ष राजू सोनकर को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। पुलिस ने आरोपी राजू सोनकर और उसके सहयोगी नारद श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है।
25 लाख की सुपारी देकर रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भाजपा नेता और पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी दी थी। यह रकम कथित तौर पर नारद श्रीवास को सौंपी गई थी, जिसे वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि 13 दिसंबर को बंधु मौर्य पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद से ही पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी थी।
लूटकांड की जांच में खुला राज
मामले का खुलासा हाल ही में हुए एक ज्वेलरी व्यापारी लूटकांड की जांच के दौरान हुआ। लूट के आरोपियों से पूछताछ में हत्या की सुपारी और साजिश की परतें खुलती चली गईं। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी लूट की वारदात में भी कथित रूप से शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जाएगी।
राजनीतिक गलियारों में मचा हड़कंप
एक ही राजनीतिक दल के दो नेताओं के बीच इतनी बड़ी साजिश उजागर होने से शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *