
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घुघुवा(क) में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप लेता जा रहा है। गांव के अधिकांश घरों में पिछले लगभग दो सप्ताह से नलों के माध्यम से पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के कुछ सार्वजनिक स्थानों पर ही नाममात्र का पानी उपलब्ध हो रहा है, जहां सुबह और शाम पानी भरने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। भीड़ बढ़ने के कारण आए दिन विवाद और कहासुनी की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पेयजल संकट को लेकर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों को न तो समस्या के समाधान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया गया कि लोकसभा सांसद विजय बघेल की अनुशंसा पर हाल ही में गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए बोर खनन का कार्य कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद गांव में जल संकट दूर नहीं हो पाया है। समस्याग्रस्त ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा कलेक्टर से हस्तक्षेप कर शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव उनके लिए गंभीर संकट बन चुका है और प्रशासन को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।