सेजस जामगांव आर में बोर्ड परीक्षाओं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया, सुशासन शिविर में मिला सम्मान

सेजस जामगांव आर में बोर्ड परीक्षाओं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया, सुशासन शिविर में मिला सम्मान

5वीं से 12वीं तक मेरिट में उत्कृष्ट अंक, युविका-2026 और नवोदय चयन में भी विद्यार्थियों ने बनाई पहचान
जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय जामगांव आर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परिणाम दर्ज कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सुशासन शिविर के मंच पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्मानित किया गया। स्कुल प्रबंधन द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार कक्षा 5वीं अंग्रेजी माध्यम में देविशी चंद्राकर ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 8वीं अंग्रेजी माध्यम में सौम्या चंद्राकर ने 92.5 प्रतिशत तथा हिंदी माध्यम में खुशी तुरियाकर ने 83.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रकार कक्षा 10वीं अंग्रेजी माध्यम में चितरंजन साहू ने 93 प्रतिशत तथा हिंदी माध्यम में टिकेंद्र कुमार ने 85.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कक्षा 12वीं गणित संकाय अंग्रेजी माध्यम में रमांशु साहू ने 93.4 प्रतिशत और हिंदी माध्यम में हेमा देवांगन ने 90.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय की उपलब्धियां केवल बोर्ड परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहीं। विद्यालय की छात्रा अर्पिषा निषाद तथा छात्र डोंगेश ठाकुर का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रतिष्ठित युवा विज्ञान कार्यक्रम (YUVIKA) 2026-27 के लिए हुआ। दोनों विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शीर्ष 100 प्रतिभागियों में स्थान बनाकर इसरो भ्रमण का अवसर प्राप्त किया। वहीं छात्रा कीर्ति चंद्राकर का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है, जो विद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। क्षेत्रवासियों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता बताते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *