जनदर्शन में दुर्ग कलेक्टर ने सुनी आम जनता की समस्याएँ — 140 आवेदन प्राप्त, विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश

जनदर्शन में दुर्ग कलेक्टर ने सुनी आम जनता की समस्याएँ — 140 आवेदन प्राप्त, विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश

दुर्ग, 10 नवम्बर 2025 । जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ सुनीं। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों और मांगों का समुचित एवं त्वरित निराकरण किया जाए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर सिल्ली थॉमस भी उपस्थित रहीं। इस दौरान अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि सहित विभिन्न विषयों से जुड़े 140 आवेदन प्राप्त हुए।

इसी दौरान ग्राम नंदकठी के एक किसान ने अपने खेत में लगाए गए विद्युत टावरों के बदले अपर्याप्त मुआवजा दिए जाने पर आपत्ति जताई। किसान का कहना था कि अन्य किसानों को अधिक मुआवजा मिला है, जबकि उसकी स्थिति भी समान है। इस पर कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं रिसाली सेक्टर निवासी एक महिला ने अपनी पुत्री को महतारी दुलार योजना का लाभ पुनः दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पति के निधन के बाद वे मजदूरी कर परिवार चला रही हैं। पुत्री का विद्यालय बदलने के बाद तीन माह से योजना का लाभ बंद हो गया है। इस पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक कार्यवाही कर लाभ पुनः आरंभ करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सिंह ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का निष्पक्ष एवं शीघ्र समाधान करना है, ताकि प्रशासनिक योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *