छत्तीसगढ़ में SIR पर सियासी संग्राम — कांग्रेस पर फर्जी मतदाता जोड़ने का भाजपा का आरोप, डॉ. विजयशंकर मिश्रा बोले “वोट चोरी की जुमलेबाजी से जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस”

छत्तीसगढ़ में SIR पर सियासी संग्राम — कांग्रेस पर फर्जी मतदाता जोड़ने का भाजपा का आरोप, डॉ. विजयशंकर मिश्रा बोले “वोट चोरी की जुमलेबाजी से जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस”

रायपुर, 10 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी तापमान बढ़ गया है। कांग्रेस द्वारा SIR की समय सीमा तीन महीने बढ़ाने की मांग के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस के संरक्षण में बड़े पैमाने पर फर्जी मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कई मतदाताओं के नाम दो-दो और तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज हैं, वहीं एक ही क्षेत्र के अलग-अलग बूथों में भी नाम दोहराने के मामले सामने आए हैं।
“मतदाता सूचियों का गहन परीक्षण और शुद्धिकरण हो” – भाजपा

डॉ. मिश्रा ने कहा कि यदि कांग्रेस SIR की अवधि बढ़ाने की मांग कर रही है, तो भाजपा का स्पष्ट मत है कि मतदाता सूची का पूर्ण शुद्धिकरण और गहन परीक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया चुनाव आयोग द्वारा नियमित जांच के रूप में होती है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची दी जाती है।
“जब सूची जारी होती है, तब कांग्रेस कोई आपत्ति नहीं करती, लेकिन बाद में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाकर जनता को गुमराह करती है ।

“कांग्रेस चुनाव आयोग और अपने प्रतिनिधियों पर अविश्वास कर रही”

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास जताने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा — “कांग्रेस के लोग संविधान की किताबें तो खूब लहराते हैं, पर पढ़ते नहीं। चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। अगर फर्जी नाम जुड़े हैं, तो कांग्रेस अपने ही बीएलए (BLA) पर सवाल उठा रही है।”

“वोट चोरी की जुमलेबाजी कर जनता को भ्रमित कर रही कांग्रेस

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस लगातार “वोट चोरी” जैसे नारे उछालकर मतदाताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची में हेरफेर कर चुनावी लाभ लेने की रणनीति बना रही है। भाजपा ने दोहराया कि वह मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के पक्ष में है तथा यदि आवश्यकता पड़ी, तो विस्तृत जांच और शुद्धिकरण के लिए भी तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *