“दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने CGPSC टॉपर देवेश साहू का किया सम्मान — कहा, युवाओं की मेहनत और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव”

“दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने CGPSC टॉपर देवेश साहू का किया सम्मान — कहा, युवाओं की मेहनत और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव”

दुर्ग, 22 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले व प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले ग्राम धनोरा निवासी देवेश कुमार साहू का सम्मान आज दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर किया। विधायक ने देवेश का स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि देवेश साहू की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके परिवार का मान बढ़ा है, बल्कि पूरे दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र ने गर्व की अनुभूति की है। उन्होंने कहा कि देवेश की सफलता आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों तक पहुँचने की दिशा में नई ऊर्जा देगी।

“पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने बढ़ाए युवाओं के हौसले” — विधायक ललित चंद्राकर

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया संचालित कर रही है। इससे मेहनती और योग्य युवाओं को सही अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय में PSC परीक्षा में बड़ी गड़बड़ियाँ हुई थीं, जिसे “घोटाले का गढ़” बना दिया गया था, लेकिन आज भ्रष्टाचार में लिप्त लोग जेल में हैं। विधायक चंद्राकर ने कहा—विष्णुदेव साय जी की सुशासन सरकार में गांव और गरीब परिवारों के बच्चे अपनी काबिलियत के दम पर चयनित हो रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि युवा वर्ग अनुशासन, परिश्रम और समर्पण की मिसाल स्थापित कर रहा है। आने वाले समय में ये युवा प्रशासनिक सेवाओं के माध्यम से सुशासन, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की नई दिशा तय करेंगे।

“देवेश जैसी उपलब्धियाँ प्रदेश के विकास को नई गति देंगी”

विधायक ने कहा कि देवेश की उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और उनका योगदान छत्तीसगढ़ के समग्र विकास तथा सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने देवेश साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री दिलीप साहू, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, जनपद सदस्य जितेंद्र टंडन, फत्ते लाल वर्मा, प्रवीण यदु, पूर्व जनपद अध्यक्ष चंद्रशेखर बंजारे सहित बड़ी संख्या में परिवारजन व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *