रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम “छत्तीसगढ़ 25 साल बेमिसाल” में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की 25 वर्षीय स्वर्णिम विकास यात्रा को याद करते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ की प्रगति में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों के सपनों को साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि डबल इंजन की सरकार ने बस्तर सहित समूचे प्रदेश में विकास के सबसे बड़े अवरोध नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। सुरक्षा कैंपों की स्थापना से अब दुर्गम और सुदूर क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन से नक्सलवाद समाप्ति की ओर है और बस्तर अब भयमुक्त होकर नए विकास युग की ओर बढ़ रहा है। CM साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने न केवल बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाई है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को नया मंच भी प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि पिछली अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की गई है और उसका परिणाम आज हर नागरिक देख रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गरीब परिवारों के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भूखमरी जैसी समस्या को दूर करने में उनकी नीतियाँ मील का पत्थर साबित हुईं। वर्तमान सरकार भी जरूरतमंदों को आवास और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लगभग सभी गारंटियों को पूरा किया जा चुका है, और तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण चरण पादुका योजना को पुनः शुरू किया गया है। नई उद्योग नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सवा आठ लाख करोड़ रुपये तक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे आने वाले समय में रोजगार और औद्योगिक विकास को बड़ी गति मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश निर्माण और विकास में योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों, संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा, प्रेस अधिकारी अलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।