दुर्ग। सेवा सेतु शिविर में शामिल होने ग्राम फेकारी जाते समय स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने सेलूद चौक के हाईस्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों से मुलाकात की। मंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, तिमाही परीक्षा की तैयारी, स्कूल की गतिविधियों और खेल-कूद को लेकर बातचीत की। विद्यार्थियों ने बातचीत के दौरान स्कूल में होने वाली पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की। बच्चों ने स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद परिसर में प्रार्थना शेड और मंच की आवश्यकता भी मंत्री के सामने रखी। विद्यार्थियों की मांग पर शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ने सेलूद स्कूल का जायजा लेकर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
AI और नई तकनीक पर भी दिया जोर
मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक का है। ऐसे में नियमित पढ़ाई के साथ बच्चों के लिए तकनीकी कौशल सीखना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि राज्य में विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के सहयोग से विद्यार्थियों को नई तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश लर्निंग कोर्स शुरू करने की प्रक्रिया भी चल रही है। मंत्री ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। अचानक हुई इस मुलाकात के दौरान विद्यार्थियों ने भी शिक्षा मंत्री के साथ खुलकर अपनी बातें साझा कीं।