दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दुर्ग जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा-संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में सामाजिक सरोकार और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में दुर्ग सर्किट हाउस में वन मंत्री केदार कश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। मीडिया से चर्चा के दौरान केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपना ध्येय बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ा है।
‘राहुल गांधी के फील से नहीं चलेगा देश’
मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर कांग्रेस के आंदोलन और संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों के सवाल पर केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर तथ्यहीन और निरर्थक आरोप लगाती है और आरोपों को साबित करने के लिए उसके पास ठोस तथ्य नहीं होते। राहुल गांधी के एक बयान का जिक्र करते हुए कश्यप ने कहा कि यदि कोई नेता कहता है कि ‘मुझे ऐसा फील होता है’, तो क्या केवल उस भावना के आधार पर देश की संवैधानिक संस्थाएं काम करेंगी? उन्होंने कहा कि देश केवल फीलिंग के आधार पर नहीं चलता, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और स्पष्ट विजन के साथ आगे बढ़ता है।
SIR को बताया नियमित संवैधानिक प्रक्रिया
SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर केदार कश्यप ने इसे संवैधानिक संस्था की नियमित प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर नकारात्मक प्रचार करने के बजाय इसे सामान्य संवैधानिक प्रक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए। कश्यप ने कहा कि संबंधित संवैधानिक संस्था अपने स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम कर रही है और इस प्रक्रिया का स्वागत किया जाना चाहिए।
25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा
केदार कश्यप ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
17 अक्टूबर तक जारी रहेगा अभियान
उन्होंने बताया कि सेवा-संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान दुर्ग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सरोकार, जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।