“देश सेवा से लौटे वीर जवान का भावुक स्वागत, गांव देवादा में गूंजे भारत माता के जयकारे”

पाटन। देश सेवा का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए ग्राम देवादा निवासी प्रेम नारायण शर्मा 30 वर्ष 4 दिन की लंबी और गौरवशाली सेवा के बाद जब अपने गांव लौटे तो माहौल भावुक हो उठा। ग्रामीणों ने भारत माता की जय के नारे लगाते हुए फूल-मालाओं और देशभक्ति गीतों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

गांव पहुंचने पर प्रेम नारायण सबसे पहले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बने स्मृति कुंज पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद जैसे ही वे अपने घर पहुंचे, मां शैलदेवी शर्मा ने आरती उतार कर तिलक लगाते हुए अपने लाल का स्वागत किया। 30 साल बाद बेटे को गले लगाते हुए मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। यह दृश्य देख वहां उपस्थित लोग भी भावुक हो उठे।

सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब
ग्राम पंचायत देवादा द्वारा जवान के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा की अगुवाई में पंचायत भवन के पास आयोजित समारोह में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने फूलमाला पहनाकर प्रेम नारायण का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और महिलाएं शामिल हुईं।

वीरता और सेवा का प्रेरणादायक सफर
प्रेम नारायण शर्मा ने अप्रैल 1995 में आर्मी मेडिकल ब्रांच से अपनी सेवा शुरू की थी। लखनऊ में ट्रेनिंग के बाद उन्हें शिलांग मिलिट्री हॉस्पिटल में पहली पोस्टिंग मिली। इसके बाद उन्होंने सियाचिन, लेह-लद्दाख, श्रीनगर, जम्मू, पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में सेवा दी। 1999 के कारगिल युद्ध में भी वे तैनात रहे और घायल सैनिकों की सेवा में जुटे रहे।

उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे पाकिस्तानी बमबारी के दौरान वे अपने परिवार के साथ कश्मीर में थे। बमबारी की भयावहता को उन्होंने अपनी आंखों से देखा और उस समय उनकी पत्नी और बच्चों ने जमीन पर लेटकर अपनी जान बचाई। उनकी आंखें उस दर्द को बयां करते हुए नम हो गईं।

युवाओं को सेना में शामिल होने का दिया संदेश
सेवानिवृत्त जवान प्रेम नारायण ने गांव के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करते हुए इसके लाभ बताए। उन्होंने कहा कि सेना न केवल नौकरी की सुरक्षा देती है, बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य सुविधाएं और देशसेवा का अवसर भी प्रदान करती है। उन्होंने वादा किया कि अगर कोई युवा फौज में जाना चाहता है तो वे हरसंभव सहायता करेंगे।

उपस्थित गणमान्य नागरिक
इस मौके पर प्रमुख रूप से नीलेश्वर प्रसाद शर्मा, पत्रकार संघ अध्यक्ष किशन हिरवानी,संदीप मिश्रा,केपी शर्मा, राजेंद्र वर्मा, प्रवीण शर्मा, जयंत वर्मा, ईश्वरी वर्मा, लक्ष्मी नीलू वर्मा, भोला राम, रविशंकर, राकेश वर्मा, जितेंद्र निर्मल, रामबाई ठाकुर, सरस्वती वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *