
भिलाई। भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती पर पढ़ाई के साथ चेन झपटमारी करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों दोस्त पैसों की जरूरत और अपने शौक पूरे करने के लिए सुबह के समय स्कूटी से निकलते थे और मॉर्निंग वॉक पर जाने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। पुलिस का कहना है कि युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि पीछे बैठा युवक मौका मिलते ही महिला के गले से सोने की चेन झपट लेता था। पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट पहनने के साथ चेहरे पर कपड़ा बांधते थे। वारदात के बाद दोनों स्कूटी से तेजी से मौके से फरार हो जाते थे। सुपेला पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने 31 जुलाई और 20 सितंबर को चेन झपटमारी की दो वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की चेन का बचा हुआ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
31 जुलाई की सुबह पहली वारदात
पुलिस के मुताबिक पहली घटना 31 जुलाई की सुबह करीब 6:32 बजे सुपेला थाना क्षेत्र में हुई थी। गीता देवी (62) अपने घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने कथित तौर पर महिला के गले से सोने की चेन झपटी और दोनों मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू किया।
20 सितंबर को फिर उसी महिला को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी के साथ दोबारा चेन झपटमारी हुई। एक ही महिला को दूसरी बार निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। CCTV फुटेज की जांच में पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों और स्कूटी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने विक्की नायक को पकड़ा।
पूछताछ में साथी युवती का नाम सामने आया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में विक्की नायक ने अपने साथी तरुणा सिन्हा के साथ दोनों घटनाओं में शामिल होना बताया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की वारदात में CG-07-NN-6415 नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल किया गया था।
दोनों भिलाई में कर रहे थे इंजीनियरिंग की पढ़ाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी विक्की नायक (23) मध्यप्रदेश के बालाघाट का रहने वाला है और वर्तमान में तितुरडीह, दुर्ग में रह रहा था। वहीं तरुणा सिन्हा (20) राजनांदगांव की रहने वाली है और तितुरडीह में रहकर पढ़ाई कर रही थी। दोनों भिलाई में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे और आपस में दोस्त बताए गए हैं।
सुबह अकेली महिलाओं को बनाते थे निशाना
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, दोनों ऐसे स्थानों की तलाश करते थे जहां सुबह के समय महिलाएं मॉर्निंग वॉक के लिए निकलती हैं। पुलिस का दावा है कि वे विशेष रूप से अकेली और बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी और युवक पीछे बैठता था। महिला के पास पहुंचने पर युवक चेन झपटता और इसके बाद दोनों तेजी से मौके से निकल जाते थे। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और चेहरे पर कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।