
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सांप के काटने के बाद एक युवक ने उसे पकड़कर अपने गले में लपेट लिया और करीब 14 किलोमीटर तक बाइक चलाकर अस्पताल पहुंच गया। इस दौरान सांप युवक के गले में ही लिपटा रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक, युवक सांप के रेस्क्यू से जुड़े काम के दौरान उसके संपर्क में आया था। इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। इसके बाद युवक ने घबराने के बजाय सांप को पकड़ लिया और उसे अपने गले में लपेट लिया।बताया जा रहा है कि युवक सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचा, ताकि डॉक्टर सांप की पहचान कर सकें और उसके आधार पर उपचार में मदद मिल सके। इसके बाद युवक ने करीब 14 किलोमीटर तक खुद बाइक चलाकर अस्पताल का रुख किया।
गले में सांप लिपटा देख राहगीर रह गए हैरान
सड़क पर बाइक चलाते युवक के गले में सांप लिपटा देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। इसी दौरान एक राहगीर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग युवक के इस कदम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, सांप के काटने के बाद उसे पकड़कर गले में लपेटना और बाइक चलाना बेहद जोखिम भरा कदम है। विशेषज्ञों की सलाह है कि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को शांत रखते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए। सांप को पकड़ने या उसके पास जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
सर्पदंश की स्थिति में सावधानी जरूरी
सांप की पहचान के लिए यदि सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीर या वीडियो उपलब्ध हो जाए तो डॉक्टरों को उपचार में मदद मिल सकती है। लेकिन इसके लिए सांप को पकड़ना या अपनी जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए चिकित्सा सहायता लेना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।