जामगाँव आर में महिला सशक्तिकरण की मिसाल : सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूर्ण, सम्मान समारोह में महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का प्रमाण

जामगांव आर । जामगाँव आर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत नागरिक सुरक्षा सेवा संगठन द्वारा संचालित सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम के पूर्ण होने पर भव्य प्रमाण पत्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला महिला अध्यक्ष भारती सोनबर ने किया, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं और बालिकाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि संगठन की प्रदेश अध्यक्ष कविता छाबड़ा रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर, ग्राम पुरोहित मुकेश शुक्ला, पूर्व सरपंच शैलेंद्र मांडवी, नंदनी साहू (नारी शक्ति संगठन अध्यक्ष), त्रिवेणी साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने संगठन द्वारा पिछले तीन वर्षों से किए जा रहे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भारती सोनबर के नेतृत्व की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इस अवसर पर संगठन के उद्देश्य को विस्तार से बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष कविता छाबड़ा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं—देविका सिंह, कल्याणी ठाकुर, जिज्ञासा, मनीषा, प्राची, रीमा साहू, योगिता यादव सहित अनेक प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सिलाई प्रशिक्षक बसंती साहू और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षक किरण साहू को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच संचालन किरण साहू ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष भारती सोनबर ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए इस तरह के प्रशिक्षण कार्य को निरंतर जारी रखने की बात कही। राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने भी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *