कोरबा, 31 मार्च 2026। जनगणना 2027 के महत्वपूर्ण कार्य को सुचारू और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कोरबा जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए शासकीय कर्मचारियों और शिक्षकों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। आदेश के अनुसार जिले के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक स्थगित रहेंगी। हालांकि प्रशासन ने आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक समीक्षा समिति का भी गठन किया है। यह समिति कर्मचारियों के अवकाश आवेदनों की जांच करेगी और अपनी अनुशंसा के बाद अंतिम निर्णय कलेक्टर स्तर पर लिया जाएगा।
गठित समिति में डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी मोहन सिंह कंवर को सदस्य सचिव तथा जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी हेमंत जायसवाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सभी कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। यही कारण है कि यह सख्त निर्णय लिया गया है। संभावना जताई जा रही है कि अन्य जिलों में भी जल्द इसी तरह के आदेश जारी किए जा सकते हैं।