कोरबा। जिला पुलिस कोरबा ने अपने जवानों के लिए सुरक्षा और संवेदना का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में दीपका थाना में पदस्थ दिवंगत आरक्षक भूपेन्द्र सिंह कंवर के परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। भूपेन्द्र सिंह कंवर वर्ष 2023 बैच के मेहनती और समर्पित जवान थे। बताया गया कि एक रात्रि ड्यूटी के दौरान वे अपने घर कटघोरा से दीपका थाना की ओर जा रहे थे, तभी जवाली के पास तेलर मोड़ के समीप उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
इस दुखद घटना ने पूरे पुलिस परिवार को शोकाकुल कर दिया था। हादसे के तुरंत बाद कोरबा पुलिस प्रशासन ने शहीद जवान के परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया था। अब एसबीआई की सैलरी पैकेज योजना के तहत ₹1 करोड़ का मुआवजा मिलना उस वादे के पालन और व्यवस्था की संवेदनशीलता का प्रतीक है। इस पहल से जिले के पुलिसकर्मियों में राहत और आत्मविश्वास का संचार हुआ है। यह उदाहरण न केवल संस्थागत बीमा योजनाओं की सार्थकता को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि सुरक्षा सेवा में समर्पित कर्मियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाता।