रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन इलाके में स्कूल और रिहायशी क्षेत्रों के पास शराब दुकान खोलने का विरोध जोर पकड़ने लगा है। डूंडा गांव में सरकारी स्कूल के ठीक सामने जिला प्रशासन द्वारा खोली गई नई शराब दुकान के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने असुरक्षा, कानून व्यवस्था बिगड़ने और बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई है।
सोमवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए थाना प्रभारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि शराब दुकान को तुरंत बंद किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
सिर्फ डूंडा ही नहीं, बल्कि खौली, पलौद, नया रायपुर सेक्टर-9, भैंसा, समोंदा, टेमरी और दोंदेखुर्द जैसे इलाकों में भी जिला आबकारी विभाग द्वारा नई शराब दुकानों की निविदा जारी किए जाने से स्थानीय लोग खासे नाराज हैं। नागरिकों का कहना है कि इन दुकानों से क्षेत्र में अपराध, असामाजिक गतिविधियां और कानून व्यवस्था की समस्या बढ़ सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी क्षेत्रों, स्कूलों और संवेदनशील स्थानों के पास शराब दुकानों की स्थापना पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा बनी रहे।