पाटन। क्षेत्र के ग्राम घुघुवा(क) स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम), पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय घुघुवा(क) में शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष थानेश्वर प्रसाद साहू, ग्राम सरपंच शैलेंद्री ढाल सिंह साहू, पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, सांसद प्रतिनिधि मनोज साहू, गिरधारी साहू, एसएमडीसी सदस्य पूनम पांडेय, शाला विकास समिति अध्यक्ष ओगी राम साहू, पूर्व सरपंच लोकेश्वर साहू, सरपंच प्रतिनिधि ढाल सिंह साहू तथा साहित्यकार अमोल दास टंडन की उपस्थिति में मां सरस्वती की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
नवप्रवेशी एवं सभी विद्यार्थियों का तिलक कर मिठाई खिलाई गई और उन्हें नियमित विद्यालय आकर पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीवन में सफलता पाने की प्रेरणा दी गई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शासन द्वारा प्रदत्त नि:शुल्क गणवेश का वितरण किया गया। दोनों विद्यालयों में बच्चों के लिए खीर-पूरी का नेवता भोज आयोजित किया गया।
सभी अतिथियों ने विद्यालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सेजेस प्रभारी प्राचार्य कृष्ण कुमार प्रहरी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रभारी प्रधान पाठिका श्रीमती सुषमा परगनिया एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।