ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार को 1.08 करोड़ की आर्थिक सुरक्षा,उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पत्नी को सौंपा चेक

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में सेवा दे चुके दिवंगत आरक्षक के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा। यह चेक 18 नवंबर को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में प्रदान किया गया।

दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के कैंप घाघरा में पदस्थ थे। उन्होंने 12 वर्षों से अधिक समय तक पुलिस बल में सेवाएं दी थीं। 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1.08 करोड़ रुपए की बीमा सहायता प्रदान की गई। वहीं, उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और कल्याण भी सरकार की प्राथमिकता है। सैलरी पैकेज से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों को बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को सुरक्षित निवेश एवं वित्तीय प्रबंधन के संबंध में मार्गदर्शन देने तथा शासन की ओर से मिलने वाली शेष सहायता और अन्य सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि बीमा सुरक्षा योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी इससे जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा मिल सके। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिसकर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के तहत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *