बोरसी में पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा संपन्न — आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हुआ वातावरण, विधायक ललित चंद्राकर हुए शामिल

बोरसी में पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा संपन्न — आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित हुआ वातावरण, विधायक ललित चंद्राकर हुए शामिल

दुर्ग। मधुबन नगर बोरसी में आयोजित पाँच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं सात दिवसीय प्रज्ञा पुराण कथा का विधिवत समापन हुआ। समापन दिवस पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने उपस्थित होकर माँ गायत्री की पूजा–अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख–समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर आयोजित प्रज्ञा महापुराण कथा में व्यासपीठ से गायत्री परिवार के वरिष्ठ प्रज्ञा पुत्र परमानन्द ने बताया कि नियमित पाँच मिनट गायत्री मंत्र का जप करने से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, मन शांत रहता है और जीवन में नैतिक शक्ति तथा आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र का जप मानव जीवन को अनुशासित, संतुलित और आध्यात्मिक बनाता है। उन्होंने आगे कहा कि मनुष्य के अंदर छुपी नकारात्मकता, तनाव, भय, चिंता और क्रोध को दूर करने में गायत्री मंत्र अत्यंत प्रभावकारी है। गायत्री साधना से व्यक्ति के विचार शुद्ध होते हैं, मन-प्रामाणिकता आती है और जीवन में समृद्धि के द्वार खुलते हैं। समापन अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा यह संदेश भी दिया गया कि नशे से दूर रहना, संयमित और स्वस्थ जीवन जीना मनुष्य को अपने उद्देश्य की ओर अग्रसर करता है। गायत्री परिवार के परिजनों ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और आध्यात्मिक जागरूकता का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में पाँच कुण्डीय यज्ञ, वैदिक मंत्रोच्चार, प्रज्ञा पुराण कथा और लोककल्याण की आहुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक तेज से आलोकित कर दिया। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान करते हुए धार्मिक लाभ अर्जित किया।

इस मौके पर विधायक ललित चंद्राकर ने गायत्री परिवार के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन, सद्भाव और आध्यात्मिक जागृति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर तेजराम विश्वकर्मा, दिनेश नाग, कौशल आडिल,अरुण यादव, वेदराम साहू,कामता प्रसाद सांगूले सहित गायत्री परिवार के अनेक परिजन, महिला मंडल, युवा इकाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *