छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो का हल्का सिलेंडर, ऐप से होगी बुकिंग; 15 अगस्त से रायपुर में शुरुआत

छत्तीसगढ़ में पहली बार 10 किलो का हल्का सिलेंडर, ऐप से होगी बुकिंग; 15 अगस्त से रायपुर में शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को अब एक नई और सुविधाजनक सेवा मिलने जा रही है। राज्य में पहली बार 10 किलो क्षमता वाला हल्का और पारदर्शी एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी शुरुआत 15 अगस्त से रायपुर में होगी। पेट्रोलियम कंपनियों के मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन बुकिंग करने पर यह सिलेंडर मात्र चार घंटे के भीतर घर पहुंचाया जाएगा। पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों की तुलना में यह नया सिलेंडर काफी हल्का होगा, जिससे महिलाएं, बुजुर्ग और अकेले रहने वाले लोग इसे आसानी से उठा और कहीं भी ले जा सकेंगे। इसकी सबसे खास बात इसकी पारदर्शी बॉडी है, जिससे उपभोक्ता बाहर से ही देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस शेष है। बीपीसीएल डिस्ट्रीब्यूटर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुरारी गौर ने बताया कि 15 अगस्त से रायपुर की सभी एजेंसियों में यह सिलेंडर उपलब्ध होगा। उपभोक्ताओं को केवल एक बार कनेक्शन के लिए अमानत राशि जमा करनी होगी, इसके बाद हर बार केवल रिफिल का शुल्क देना होगा। उन्होंने बताया कि बुकिंग के चार घंटे के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी की जाएगी।

इतनी होगी कीमत

रायपुर में 10 किलो सिलेंडर के एक रिफिल की कीमत लगभग 715 से 730 रुपये के बीच रहने का अनुमान है। नया कनेक्शन लेने के लिए करीब 3000 रुपये जमा करने होंगे, जबकि 250 रुपये रेगुलेटर के लिए अलग से देने होंगे। यह राशि रिफंडेबल होगी और कनेक्शन बंद कराने पर वापस कर दी जाएगी।

नई तकनीक वाला सिलेंडर

यह सिलेंडर फाइबर ग्लास और पॉलीमर सामग्री से तैयार किया गया है। इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होगी और दुर्घटना की स्थिति में भी पारंपरिक सिलेंडरों की तुलना में जोखिम काफी कम माना जा रहा है।

कौन ले सकेगा कनेक्शन

यह सुविधा केवल नए उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी। जिन लोगों के पास पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन है, वे भी अमानत राशि जमा कर यह 10 किलो वाला सिलेंडर ले सकेंगे। कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, आवेदन फॉर्म और एक शपथ पत्र देना होगा।

यात्राओं और आपात स्थिति में उपयोगी

गैस एजेंसियों का मानना है कि यह सिलेंडर पिकनिक, छोटे परिवारों, किराए के मकानों में रहने वाले लोगों और आपातकालीन जरूरतों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। हल्का होने के कारण इसे घर के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना भी आसान रहेगा।

पूरे राज्य में होगा विस्तार

पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार रायपुर में सफल शुरुआत के बाद इस सुविधा का विस्तार चरणबद्ध तरीके से छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को पारंपरिक भारी सिलेंडरों के मुकाबले अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *