
रायपुर। राजधानी रायपुर में स्कूल जाने के लिए दोपहिया और अन्य वाहन चलाकर पहुंचने वाले नाबालिग छात्रों के खिलाफ यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। गुरुवार को शहर के 9 प्रमुख स्कूलों के बाहर चलाए गए विशेष जांच अभियान में 59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने पर तीन स्कूल वैन और एक स्कूल ऑटो के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 63 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को क्रेन की सहायता से उठाकर यातायात मुख्यालय लाया गया। यह अभियान यातायात पुलिस उप महानिरीक्षक (डीसीपी) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाया गया। जिन स्कूलों के बाहर जांच की गई उनमें रेयान स्कूल (अवंती विहार), द्रोणाचार्य स्कूल (राजेंद्र नगर), ब्रह्मविद स्कूल (भाटागांव), केपीएस स्कूल (सरोना), केंद्रीय विद्यालय (डब्ल्यूआरएस कॉलोनी), विंध्य पब्लिक स्कूल (गुढ़ियारी), एमजीएम स्कूल (गायत्री नगर), देशबंधु स्कूल (गुरु नानक चौक) और होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइन) शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात सभागार बुलाकर काउंसलिंग की गई। एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू और सीमा अहिरवार ने पेरेंट्स को बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है और इससे बच्चों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। अधिकारियों ने अभिभावकों को भविष्य में बच्चों को वाहन न देने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत अभिभावकों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अब तक की कार्रवाई
- 59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए
- 03 स्कूल वैन और 01 स्कूल ऑटो पर कार्रवाई
- गुरुवार को कुल 63 वाहनों पर कार्रवाई
- अब तक 340 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई
- 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो पर कार्रवाई
यातायात पुलिस ने बताया कि स्कूलों के बाहर यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।