रायपुर । राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में अब हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नंबर नहीं लगाने वालों पर सीधा ई-चालान भेजकर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने यह सख्त कदम इसलिए उठाया है क्योंकि लगातार अपील और चेतावनी के बावजूद वाहन चालक नए नंबर प्लेट नहीं लगवा रहे हैं। दशहरा के बाद यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
इतना होगा जुर्माना
- दोपहिया वाहन पर ₹1000
- चारपहिया वाहन पर ₹2000
- ट्रक-बस और भारी वाहन पर ₹3000
ई-चालान सीधे वाहन मालिक के घर भेजा जाएगा।
त्योहारी सीजन में बुकिंग घटी
HSRP नंबर प्लेट की बुकिंग त्योहारी सीजन के कारण 75% तक कम हो गई है। रायपुर में पहले रोजाना औसतन 4000 नए ऑर्डर मिल रहे थे, जो अब घटकर केवल 800 रह गए हैं। वहीं, पूरे राज्य में यह संख्या 7000 से घटकर करीब 2500 रह गई है।
अब तक केवल 15% ही बदली प्लेटें
राज्य में 1 अप्रैल से HSRP नंबर प्लेट बदलने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। कुल 52 लाख 48 हजार 476 नंबर प्लेट बदलनी हैं। लेकिन अभी तक केवल 10 लाख 52 हजार 343 ही बदली जा सकी हैं, जो महज 14.2% है। धीमी रफ्तार के कारण विभाग पर दबाव बढ़ गया है।
क्यों लिया गया ई-चालान का फैसला
पहले सड़क पर रोककर चालान काटने और टोकन देने की कार्रवाई होती थी, लेकिन लोग अक्सर विवाद करने लगते थे। हेलमेट नियम की तरह अब HSRP पर भी सड़क पर चालान काटने की बजाय सीधे ई-चालान भेजा जाएगा। हेलमेट मामले में यह तरीका कारगर साबित हुआ था, जिसके बाद पहनने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी।
परिवहन विभाग की अपील
विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि जल्द से जल्द HSRP नंबर प्लेट लगवाएं। ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। देर करने वालों को अब सीधी सजा भुगतनी होगी।