वनमंत्री केदार कश्यप के भतीजे निलेश कश्यप की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत — नवा रायपुर में बुलेट डिवाइडर से टकराई

रायपुर। राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक और बड़ी खबर सामने आई है। वनमंत्री केदार कश्यप के भतीजे निलेश कश्यप की सड़क हादसे में मौत हो गई है। यह हादसा नवा रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में उस वक्त हुआ जब निलेश कश्यप अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से किसी साथी के साथ जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते वह डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल निलेश कश्यप को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मंत्री केदार कश्यप के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

निलेश कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र और वनमंत्री केदार कश्यप के भतीजे थे। हादसे में एक अन्य युवक घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय बाइक की गति कितनी थी, और डिवाइडर से टक्कर के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही। पुलिस घायल युवक का बयान भी दर्ज करने का प्रयास कर रही है ताकि दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंत्री के परिवार और पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *