पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने SC में लगाई अग्रिम जमानत याचिका,जाने क्या है पूरा मामला…

YC न्यूज़ डेस्क। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शराब घोटाला, कोयला घोटाला और महादेव सट्टा एप मामले में गिरफ्तारी की आशंका को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दायर करते हुए आग्रह किया है कि उन्हें गिरफ्तार न किया जाए और जांच में सहयोग का अवसर दिया जाए। यह याचिका ऐसे समय में दाखिल की गई है जब राज्य और केंद्र की जांच एजेंसियां — विशेष रूप से ईडी, ईओडब्ल्यू और अन्य केंद्रीय एजेंसियां — इन मामलों की जांच को तेज कर चुकी हैं।

सोमवार को होगी सुनवाई

पूर्व सीएम की यह याचिका सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है। भूपेश बघेल ने आशंका जताई है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। उन्होंने अपने पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कहा कि “जिस तरह राजनीतिक द्वेष के चलते मेरे बेटे को गिरफ्तार किया गया, वैसा ही मेरे साथ भी हो सकता है।”

“जांच में करूंगा पूरा सहयोग, लेकिन गिरफ्तारी से राहत दी जाए” — बघेल

याचिका में भूपेश बघेल ने दावा किया है कि वे सभी मामलों में जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं, परंतु राजनीतिक माहौल को देखते हुए उन्हें गिरफ्तारी से पूर्व सुरक्षा मिलनी चाहिए।

टुटेजा केस का हवाला भी शामिल

सूत्रों के अनुसार, याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, जो शराब घोटाले मामले में जेल में हैं, उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट में इसी प्रकार की अग्रिम राहत की मांग की थी। इस संदर्भ में भूपेश बघेल ने अपने खिलाफ कार्रवाई की आशंका को गंभीर बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *