किसानों से लेकर कमजोर वर्गों तक की आवाज बनें : भिलाई में नये ब्लॉक अध्यक्षों से बोले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

भिलाई | जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अंतर्गत हाल ही में नियुक्त सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भिलाई-3 स्थित उनके निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपे गए दायित्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता दोहराई। ब्लॉक अध्यक्षों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ निभाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा, आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और कांग्रेस की विचारधारा तथा जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर भूपेश बघेल ने सभी नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने जमीनी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और परिश्रम के बल पर आगे बढ़ती है। संगठन को मजबूत करने के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और जनसेवा की भावना अत्यंत आवश्यक है। भूपेश बघेल ने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ें तथा जनता की आवाज बनकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनके नेतृत्व व सक्रियता से ही पार्टी गांव-गांव और हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंचती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, मजबूती और स्पष्ट दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *