दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से मिनीमाता चौक से महाराजा चौक होते हुए जेल तिराहा ठगड़ा डेम तक 4.75 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का भूमिपूजन मंत्री Gajendra Yadav ने जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में किया। उन्होंने बताया कि 4073.10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के साथ यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत बिजली के खंभे और पेयजल पाइपलाइन को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि भविष्य में विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मंत्री यादव ने कहा कि सड़क के निर्माण से शहर की बड़ी आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं तेज आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह परियोजना दुर्ग शहर के यातायात तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ डबल इंजन सरकार दुर्ग की सड़कों को और अधिक सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।