पेट्रोल पंप पर सिगरेट से खेली आग, मना करने पर युवक ने नोजल पाइप में लगाई लपट; दो गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक पेट्रोल पंप पर लापरवाही और सनक का खतरनाक नजारा देखने को मिला। सिगरेट पीने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल पंप के नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। देखते ही देखते आग नोजल पाइप से होते हुए पेट्रोल भरवा रहे उसके साथी की बाइक की टंकी तक पहुंच गई। गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना बुधवार (18 फरवरी) रात करीब 8 बजे की है। उरला पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र क्षत्री और उसका साथी इमरान बाइक से उरला स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा था और धर्मेंद्र पास में खड़ा था।

इसी दौरान धर्मेंद्र ने मुंह में सिगरेट लगाकर उसे जलाने की कोशिश की। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर सिगरेट पीने से मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने जलते लाइटर से सीधे नोजल पाइप में आग लगा दी। आग लगते ही नोजल पाइप के साथ बाइक की टंकी और पंप मशीन के आसपास लपटें उठने लगीं। वहां मौजूद बाइक सवार और पंप कर्मचारी जान बचाकर दूर भागे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक कुछ क्षण तक आग को देखता रहा और जब लपटें तेज हुईं तो भागने की कोशिश करने लगा। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पंपकर्मी ने तुरंत मेन स्विच बंद किया और फायर सेफ्टी किट की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा विस्फोट या जनहानि होने से बच गई। घटना के बाद आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पंपकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पंप मैनेजर की लिखित शिकायत पर उरला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उरला थाना प्रभारी रोहित माहेलकर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस में मामला पंजीबद्ध कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *