श्री कबीर आश्रम सेलूद में 17 मई से दो दिवसीय संत समागम व भंडारा देशभर के संतों का होगा आगमन : कई जनप्रतिनिधि भी रहेंगे शामिल…

पाटन । पाटन विधानसभा अंतर्गत श्री कबीर आश्रम, सेलूद में आगामी 17 एवं 18 मई को दो दिवसीय विशाल संत समागम एवं सत्संग समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा जिसमें देशभर के प्रसिद्ध संतों के साथ ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के विशिष्ट अतिथि भी शिरकत करेंगे। श्री कबीर आश्रम द्वारा आयोजित यह समारोह सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरण एवं भक्ति भाव का अद्वितीय संगम होगा।

संतों का दिव्य सान्निध्य
वेदांताचार्य सुकृत शास्त्री के सानिध्य में इस संत समागम में भूषण साहेब (मेरठ – दिल्ली-हरिद्वार), श्रीराम साहेब (कबीर आश्रम अरसनारा), राधेश्याम शास्त्री (कबीर आश्रम नवागांव), एवं सुप्रसिद्ध संगीत कलाकार अन्तराम साहेब सहित अनेक संतों का आगमन सुनिश्चित हुआ है।

17 मई को होगा शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ 17 मई को प्रातः 9 बजे गुरु महिमा पाठ, ध्वजारोहण, पूर्व गुरुजनों की समाधि पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ वेदांताचार्य सुकृत शास्त्री के सान्निध्य में होगा। इस दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

18 मई को महायज्ञ व विदाई
समारोह के दूसरे दिन 18 मई को संत जनों द्वारा गुरु महिमा पाठ के पश्चात सत्संग एवं प्रवचन होगा। समापन के अवसर पर संध्या 4 बजे सात्विक महायज्ञ, चौका आरती के साथ विदाई एवं आभार प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति
दूसरे दिन के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल, प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष टहल साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *